अयोध्या के विकास के लिए सरकार ने दी हजारों करोड़ की परियोजनाएं : सूर्य प्रताप शाही
- अयोध्या को सांस्कृतिक केंद्र बना कर विकसित करेंगे- महन्त गिरीश पति त्रिपाठी
देव बक्श वर्मा\अयोध्या। भाजपा से अयोध्या नगर निगम महापौर प्रत्याशी महंत गिरीश पति त्रिपाठी व सभी वार्डो के पार्षद प्रत्याशियों ने संयुक्त रुप से नामांकन दाखिल किया। नामांकन के उपरान्त गांधी पार्क में सभा का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही शामिल हुए। प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि वर्तमान में गुण्डो, माफियाओं, फिरौतियों से मुक्त उत्तर प्रदेश है। केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति को मिल रहा है। अयोध्या के विकास के लिए सरकार ने हजारों करोड़ की परियोजनाएं दी है। अयोध्या की महिमा व गरिमा को लौटाने का कार्य योगी सरकार ने किया है।
अब डबल इंजन की सरकार के साथ नगर निगम चुनाव में जीत दिलाकर त्रिपल इंजन कर दीजिये। सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि पूरे विश्व की निगाह अयोध्या के ऊपर है। महापौर व पार्षद प्रत्याशियों के विजय के बाद यहां विकास को सम्बल मिलेगा। अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं का मन प्रफुल्लित हो जायेगा। भाजपा प्रत्याशी गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या अब पूरी दुनिया का सांस्कृतिक केंद्र बनने जा रहा है, हमारे आराध्य प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर बन रहा है,धीरे-धीरे पूरी दुनिया को भगवान राम का संदेश देने के लिए अयोध्या समर्थ और सक्षम हो रहा है, मेरा यह प्रयास होगा कि सांस्कृतिक केंद्र कैसे विकसित हो न सिर्फ अयोध्या न सिर्फ उत्तर प्रदेश न सिर्फ भारत बल्कि पूरे देश दुनिया की संस्कृति राममय हो इसके लिए अयोध्या को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
अयोध्या का भौतिक विकास पीएम और सीएम जिस तरह से प्रयास कर रहे हैं वह अद्भुत है।, इतना इन्वेस्टमेंट इतना पैसा कभी अयोध्या में नहीं लगाया गया।