सुमेरपुर\हमीरपुर। "कलम आज उनकी जय बोल" ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के कार्यक्रम में दिवंगत पत्रकारों को सम्मान पूर्वक दी गई श्रद्धांजलि।
अतुल कपूर
सुमेरपुर\हमीरपुर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश का "प्रदेश स्मृति समारोह" कार्यक्रम सुमेरपुर जनपद हमीरपुर में रविवार 9 अप्रैल को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति दिनेश कुमार सिंह उच्च न्यायालय इलाहाबाद तथा सम्मानित प्रदेश अध्यक्ष सौरभ कुमार के द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्वलित कर व पूज्य स्वामी रोटी राम महाराज व संगठन के अमर संस्थापक व पुरोधा परम श्रद्धेय बाबू बालेश्वर लाल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर व उन्हें नमन करते हुए किया गया।
उक्त आयोजन जनपद हमीरपुर के 200 वर्ष पूरे होने पर संगठन की जनपद हमीरपुर इकाई द्वारा आयोजित किया गया। संगठन के दिवंगत सभी उन साथियों का जिन्होंने संगठन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया उनकी स्मृति में स्मारिका का विमोचन किया गया। स्मारिका में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के उन नीव के पत्थर, अमर यशस्वी पत्रकारों का विवरण प्रकाशित किया गया है।
न्यायमूर्ति दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में एक से एक बढ़कर ईमानदार पत्रकार हुए हैं जिन्होंने अपनी बेबाक कलम से ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त भ्रष्टाचार को निर्भीक होकर उजागर कर लोगों को न्याय दिलाया है। उन्होंने कहा कि बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी, पं जवाहरलाल नेहरू आदि ने भी अपनी बात मीडिया के माध्यम से देश के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि मीडिया तथ्यों के साथ साक्ष्य सहित भ्रष्टाचार को निर्भीक होकर रखती है। इसका उदाहरण बोफोर्स कांड है। इसको उजागर करने में मीडिया की अहम भूमिका थी। उन्होंने कहा कि अन्य सरकारों के घोटालों को भी मीडिया ने समय-समय पर उजागर करके सत्ता को हिलाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जिस देश में मीडिया को बैन किया गया उन देशों में प्रजातंत्र खत्म हो गया है।
सम्मेलन को जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक डॉ मनोज कुमार प्रजापति,एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, अखंड परमधाम संस्था के संरक्षक महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद महाराज, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवशंकर सिंह,ग्रापए के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ कुमार, राष्ट्रीय संयोजक देवीप्रसाद गुप्ता,मण्डल अध्यक्ष मोहम्मद यूनुस खान आदि ने संबोधित किया। जिलाध्यक्ष मनोज कुमार त्रिपाठी ने सभी के प्रति आभार जताया। संचालन मंडल उपाध्यक्ष मुनीर खान ने किया।इस मौके पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आये पत्रकार शामिल रहे।