बाराबंकी। घोषित हुआ निकाय चुनाव का आरक्षण, अटकलों पर लगा विराम।
........ किसी के टूटे सपने तो किसी के सपनो को लगे पँख
बाराबंकी। नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रत्याषी और आम जनता की बेसब्री आखिरकार रामनवमी की शाम छह बजे नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा द्वारा सुप्रीम कोर्ट के आदेष का पालन करते हुए आरक्षण की घोषणा कर दी। जिसके बाद ये खबर पूरे प्रदेश में जंगल की आग की तरह फैली तो प्रत्याशियों में आरक्षण को लेकर जो दुविधा बनी हुई थी वह समाप्त हो गयी। आरक्षण आने के बाद अफवाहों का बाजार तो थमा ही वहीं कई प्रत्याशियों के सपने इस आरक्षण की भेंट चढ़े तो कई प्रत्याशियों के सपने को पंख लग गये। जिले की बात करें तो सबसे चर्चित सीट नगर पालिका परिषद नवाबगंज को महिला सीट घोषित किये जाने के बाद इसे ओबीसी होने की चर्चा धरासायी हो गयी।
इसी क्रम में नगर पंचायतों की बात करें तो नगर पंचायत बंकी को भी महिला सीट घोषित किये जाने के बाद यहां के प्रत्याशियों में असमंजस की स्थिति दूर हो गयी। इसी क्रम में सिद्धौर नगर पंचायत अनुसूचित जाति महिला, सुबेहा नगर पंचायत अनुसूचित जाति, रामसनेहीघाट, टिकैतनगर, सतरिख, रामनगर और हैदरगढ़ को अनारक्षित सीट घोषित किया गया। नगर विकास मंत्री द्वारा घोषित की गयी सूची में फतेहपुर और देवा को पिछड़ा वर्ग, बेलहारा को महिला, जैदपुर दरियाबाद पिछड़ा वर्ग महिला घोषित किये जाने के बाद यहां के प्रत्याशियों ने अपनी कमर कस ली है तो वहीं दिग्गज दावेदार अपनी रणनीति बना रहे हैं ऐसी सुगबुगाहट से चर्चाओं का बाजार गर्म है।