अयोध्याधाम। भक्तों के सामने आई राम मंदिर की नई तस्वीर, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने जारी किया नई तस्वीरे।
अयोध्याधाम। अयोध्या में राम मंदिर की नई तस्वीरें सामने आई हैं। ये गर्भगृह और मंदिर के भूतल निर्माण की हैं। पहली बार इनमें दिख रहा है कि मंदिर के गर्भगृह में सभी स्तंभ खड़े किए जा चुके हैं। रामलला के दर्शन यानी गर्भगृह तक पहुंचने के लिए 32 सीढ़ियां बननी हैं। इनमें से 24 बन चुकी हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुताबिक, मंदिर अब आकार लेने लगा है। 70% काम पूरा हो चुका है। इन तस्वीरों को ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने जारी किया है।
राम मंदिर के गर्भगृह के एक हिस्से में चौखट और दीवार आकार लेती दिखाई दे रही है। जबकि तीन तरफ दीवारें खड़ी हो चुकी हैं। 20 फीट ऊंची दीवारें मकराना के सफेद संगमरमर से बनाई जा रही है। इसके अलावा तस्वीरों में सिंहद्वार, गर्भगृह की दीवारें और पिलर निर्माण की भव्यता को दिखाया गया है।
ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया, ''मंदिर निर्माण का काम निर्धारित समय से आगे बढ़ रहा है। जल्द ही गर्भगृह की बीम डालने का काम शुरू हो जाएगा। राम मंदिर की छत के करीब 200 बीम की नक्काशी का काम हो चुका है। बीम की तराशी रामसेवक पुरम और रामघाट स्थित कार्यशाला में हो रही है। जो पत्थर तराशे जा चुके हैं, उन्हें राम जन्मभूमि परिसर में पहुंचाया जा रहा है।