हरदोई। दबंगो ने घर के बाहर बैठे भाइयों पर झोंका फायर, गाली गलौज का विरोध करने पर घटना को दिया अंजाम।
- बंदूक की नाल और खोखा कारतूस का वीडियो हुआ वायरल, पुलिस जांच में जुटी
हरदोई। नागापचदेवरा इलाके में दबंगो की गुंडई खुलेआम देखने को मिली है। किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद दबंगो ने घर के बाहर बैठे लोगों पर फायरिंग कर दी। जिसमें वह लोग बाल -बाल बच गए। इस दौरान बंदूक की नाल व दो खोखा कारतूस छोड़कर दबंग फरार हो गए। जिसका अब वीडियो वायरल हो रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच में जुटी है।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के अनंगपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने बताया कि वाह शाम को अपने दरवाजे के सामने बैठा था। तभी गांव के ही मानू सिंह व भूपेंद्र सिंह तमंचा और बंदूक लेकर आए। फिर उन्होंने आव देखा न ताव देखा पीड़ित व उसके भाइयों को गाली गलौज करने लगे। जब पीड़ित व उसके भाइयों ने गाली देने से मना किया और विरोध किया तो वह उग्र हो गए। इस दौरान दबंगों ने जान से मारने की नियत से धर्मेंद्र के ऊपर फायर कर दिया। जिससे वह बाल-बाल बच गया। उसने बताया कि फायर करते समय बंदूक की नाल दिनेश कश्यप के दरवाजे पर जा गिरी और दो खोखा कारतूस मौके पर पड़े हैं। इसके बाद दोनों दबंग जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। इस दौरान बंदूक की नाल व दो खोखा कारतूस छोड़कर दबंग फरार हो गए। जिसका अब वीडियो वायरल हो रहा है। फिलहाल इस घटना से अनंगपुर गांव समेत पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले में जांच शुरू कर दी है।
जब इस संबंध में एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सूचना मिली है। पुलिस मामले के जांच में जुटी है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।