प्रयागराज। नगर निगम प्रयागराज की लापरवाही के खिलाफ आप का जोरदार प्रदर्शन।
एखलाक हैदर\प्रयागराज। गूंगे-बहरे नगर निगम प्रशासन प्रयागराज को जगाने के लिये एवं ठंडी से लोगों की जान बचाने हेतु शहर के हर वार्ड के हर चौराहों पर अलाव जलाये जाने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी प्रयागराज के कार्यकर्ताओं द्वारा पत्थर गिरिजाघर सिविल लाइंस में जोरदार प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुये एवं नगर निगम प्रयागराज के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट करते हुये आप जिलाध्यक्ष प्रयागराज डॉ अलताफ अहमद ने कहा कि विगत दस दिनों से विभिन्न माध्यमों से नगर निगम प्रशासन से मांग की जा रही है कि वह अलाव की समुचित व्यवस्था कर लोगों की व जानवरों की जान बचाये लेकिन नगर निगम प्रशासन ने नहीं सुना।
आज के विरोध प्रदर्शन के बावजूद यदि नगर निगम प्रयागराज किंकर्तव्यविमूढ़ बना बैठा रहा तो यह अब बरदास्त नहीं किया जाएगा बल्कि इसके खिलाफ आप कार्यकर्ता आगे के आंदोलन व कुछ कठोर निर्णय लेने को बाध्य होंगे।
आम आदमी पार्टी का मूल सिद्धांत ही है कि वह जनमानस की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती आई है और आगे भी करती रहेगी।