हरदोई। हमला करने में 31 दिन बाद 12 लोगों पर दर्ज हुई रिपोर्ट, बेहटा गोकुल थाने के रामापुर रहुला गांव का मामला।
हरदोई। जानवरों को चारा-पानी करने के बाद घर लौट रही महिला को रास्ते में रोक कर पहले तो गाली-गलौज किया और उसके बाद उसकी लाठी-डंडो से पिटाई कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 31 दिन बाद 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
![]() |
प्रतीकात्मक:फोटो |
बताया गया है कि बेहटा गोकुल थाने के रामापुर रहुला की सुनीता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि 24 दिसंबर को वह भैंस को चारा डालकर घर जा रही थी। तभी रास्ते में गांव के कुछ लोगों ने उसे गाली-गलौज किया। विरोध पर एक दर्जन लोग लाठी-डंडे लेकर उसे मारने दौड़े पड़े। सुनीता के मुताबिक उनसे बचने के लिए वह घर में घुस गई। आरोप है कि उन लोगों ने पूरे घर को घेर लिया। कुछ लोग घर की छत पर भी चढ़ गए। महिला के शोर मचाने पर परिवार के सन्तराम,हरिप्रकाश और गांव के कई लोग मौके पर आ गए। सुनीता ने बताया कि 112 नम्बर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब भी आरोपी दरवाज़े पर खड़े थे। सुनीता ने इस घटना का वीडियो होने का दावा किया है। इस बारे में एसएचओ बेहटा गोकुल रंधा सिंह ने बताया कि सुनीता की तहरीर पर गांव के राधारानी,उसकी पुत्री वैष्णवी उर्फ दिव्यांशी के अलावा रंजना,पुष्पा, पवन, कमल किशोर,चन्द्रेश,सन्तोष, आकाश,विकास,तपन,सतेन्द्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।