हरदोई। देश में कानून का राज स्थापित करने के लिए 26 जनवरी 1950 को भारतीय गणराज्य स्थापित हुआ: आर आर अंबेश
हरदोई। नगर पालिका परिषद शाहाबाद में ईओ आर आर अंबेश ने ध्वजारोहण कर समारोहपूर्वक गणतंत्र दिवस मनाया गया। उन्होंने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा गणतंत्र दिवस की शपथ दिलाई।और संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर का पुण्य स्मरण कर देश भक्तों के प्रति भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय गणराज्य स्थापित हुआ तथा कानून का राज स्थापित हुआ।जिसकी वजह से सभी वर्गों को उन्नति के समान अवसर प्राप्त हुए।
यहां ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष अम्बरीष कुमार सक्सेना ने कहा कि देशभक्तों के त्याग और बलिदान के फलस्वरूप देश में 26 जनवरी 1950 को भारतीय गणराज्य की स्थापना हुई। नेहरू म्युनिसिपल कन्या इण्टर कालेज में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। विद्यालय में बच्चों के द्वारा कविताएं, देशगीत, नाटक एवं विविध कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया। नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी आर आर अंबेश के द्वारा अपने संबोधन में शिक्षा की जरूरत पर प्रकाश डाला गया तथा विद्यालय में बेहतर व उद्देश्यपूर्ण शिक्षा देने का वादा किया गया।
इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी ने बालिकाओं का उत्साह वर्धन किया। पुष्पांजलि श्रीवास्तव ने आंग्ल भाषा में, वंदना दीक्षित, उषा देवी ने हिंदी में, एवं रुचि दुबे ने संस्कृत भाषा में गणतंत्र दिवस का महत्व बताया। अम्बरीष कुमार सक्सेना ने देश भक्ति गीत "युग युग से बहता आता,यह पुण्य प्रवाह हमारा" सुनाया। पुरातन छात्रा इकरा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।नायब जहां ने सुमधुर गजल गायन किया। विश्व हिन्दू परिषद की साध्वी कमलेश देवी ने बताया कि वह निरंतर समाज सेवा के लिए सक्रिय हैं। जरूरत मंद की सेवा कर उन्हें आत्मसंतुष्टि मिलती है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या नुरुल हुमा, सफाई निरीक्षक दीपक कुमार, लेखाकार असद खां समेत अनेक पालिका कर्मचारी, शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। इससे पूर्व ईओ और पालिका टीम ने बड़ी फील्ड पर स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तदोपरांत बस स्टैण्ड चौराहा पर फव्वारा का अवलोकन किया।