शाहजहाँपुर। 24 जनवरी 2023 से 26 जनवरी 2023 तक पूरी भव्यता और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा उत्तर प्रदेश दिवस।
- गांधी भवन परिसर में स्टॉल लगाकर लाभार्थी परक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जाएगी जानकारी, आयोजित किए जाएंगे विभिन्न कार्यक्रम
- मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक कर समय से तैयारियां पूर्ण किए जाने हेतु सभी अधिकारियों को किया निर्देशित
फै़याज़ उद्दीन\शाहजहाँपुर। शासन के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन पूरी भव्यता एवं गरिमा के साथ किया जाये। सभी अधिकारी अपनी समस्त तैयारियां समय से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। आम जनमानस को विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाये। उक्त निर्देश मुख्य विकास अधिकारी श्री श्याम बहादुर सिंह ने विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन के संबंध में आयोजित बैठक के दौरान दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि दिनांक 24 जनवरी 2023 से 26 जनवरी 2023 तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस 2023 को व्यापक रूप से मनाए जाने हेतु शासन से निर्देश प्राप्त हुए हैं। मुख्य विकास अधिकारी सिंह ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित तिथि से पूर्व समस्त तैयारियां पूर्ण करना सुनिश्चित करें।जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूप रेखा तैयार करते हुए उन्होने बताया कि समस्त आयोजन गांधी भवन प्रेक्षागृह में किए जायेगे।
गांधी भवन प्रेक्षागृह के परिसर में दिनांक 24 जनवरी 2023 से 26 जनवरी 2023 तक नगर निगम, डूडा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, खादी ग्रामोद्योग विभाग, उद्यान विभाग, चिकित्सा विभाग, आयूर्वेदिक चिकित्सा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, कृषि विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) आदि विभागों की प्रदर्शनी लगायी जाएगी, जिसमे विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाएगा। दिनांक 24 जनवरी, 2023 को सायं 04ः00 बजे से 05ः00 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में जनपद में विशिष्ट कार्य करने वाले कलाकार, शिल्पकार, किसान, उद्यमियों, महिलाओं, युवाओं को सम्मानित किया जायेगा। दिनांक 25 जनवरी, 2023 को अपराह्न 02ः00 बजे से 04ः00 बजे तक पुलिस विभाग से महिलाओं द्वारा प्रशिक्षित मार्शल आर्ट का प्रदर्शन एवं दिव्यांग बालिकाओं द्वारा जूडो का प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। 25 जनवरी, 2023 को सायं 04ः00 बजे से 06ः00 बजे तक विद्यार्थियों के मध्य वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित है। दिनांक 26 जनवरी,2023 को उ0प्र0 दिवस समारोह के अन्तर्गत भारत माता की झांकी का आयोजन गांधी भवन से जी0आई0सी0 चैराहे तक किया जायेगा।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक संजीव बाजपेयी, जिला विकास अधिकारी पवन कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डी आर डी ए अवधेश राम, जिला कृषि अधिकारी सतीश चंद्र पाठक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कुमार गौरव सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।