कन्नौज। महिला ने ससुराल जाने किया मना, तो पति ने उसे चाकुओं से गोद दिया।
कन्नौज। कन्नौज में महिला ने ससुराल जाने से इनकार किया तो पति ने उसे चाकुओं से गोद दिया। दिन दहाड़े महिला को चाकू मारने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ से हालत चिंताजनक होने पर उसे हायर सेंटर रिफर कर दिया गया।
कन्नौज के सदर कोतवाली क्षेत्र के कालीनपुरवा गांव की श्रुति की शादी सदर के ही पप्पू दोहरे से हुई थी। पति से हुये किसी विवाद को लेकर वह कई महीने से मायके में रह रही थी। आज दोपहर वह किसी काम से शहर के सरायमीरा स्थित बाजार आयी थी। वापस लौटते वक्त रेलवे के गोदाम रोड पर उसकी पति से मुलाकात हो गयी। पति पप्पू उसे अपने साथ घर ले जाने लगा, लेकिन श्रुति ने इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ़ा की गुस्साए पति ने उसके एट में चाकू से कई वार कर दिये। चाकू लगने के बाद खून से लथपथ महिला वहीं गिर गयी। दिनदहाड़े महिला को चाकू लगने से इलाके में हड़कम्प मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे हायर सेंटर रिफर किया गया है। महिला के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हमलावर पति की तलाश शुरू कर दी है।