सीतापुर। यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी, लगभग तीन दर्जन यात्री घायल।
सीतापुर। जनपद में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। 50 यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर एक पुलिया से तालाब में जा गिरी। हादसे में बस में सवार 35 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया। जहां से 6 लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामला रेउसा थाना इलाके का है। मिली जानकारी के मुताबिक, भिठलाकलां गांव के लोग छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मजदूरी करने बस से जा रहे थे।
बुधवार रात 12 बजे के करीब बस खरौहा खुरवलिया के निकट एक पुलिया के पास पहुंची। तभी अचानक सामने से एक पिकअप आ गया। पिकअप को बचाने में बस अनियंत्रित होकर पुलिया को पार करती हुई तालाब में जा गिरी। बस के पानी में गिरते ही इस कड़कड़ाती ठंड के बीच उसमें सवार महिला पुरुष और बच्चे सभी लोग पानी में भीग गए। बस में सवार यात्री किसी तरह बाहर निकले और पुलिस को जानकारी दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से सभी को सीएससी रेउसा में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद 6 लोगों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि इस हादसे में अभी तक किसी अनहोनी की सूचना नहीं है। सभी लोग मजदूरी करने के लिए बाहर जा रहे थे, जिसमें बच्चे महिलाएं-पुरुष शामिल थे।