वाराणसी। नगर निगम की जमीन पर कब्जा रोकने के लिए रानीपुर के नागरिकों ने किया प्रदर्शन।
......... पूर्व पार्षद ने इस भूमि पर पुलिस चौकी या बारात घर बनाने का सदन में दिया था प्रस्ताव
वाराणसी। रानीपुर में नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ शुक्रवार को रानीपुर संघर्ष समिति के बैनर तले स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। इस दौरान पूर्व पार्षद विकासचंद्र तिवारी ने बताया आराजी नंबर 78, 79क, 79ख और 82 की जमीन पर कब्जे का प्रयास हो रहा है। पूर्व में मैने सदन में पार्षद रहते हुवे प्रस्ताव दिया था की इसमें पुलिस चौकी, बिजली घर या बारात घर बनाया जाए। योगी राज में इन कब्जेदारों पर कब बुलडोजर चलेगा।पूर्व पार्षद वरुण सिंह ने कहा की विगत 20 वर्षों से इस जमीन को कब्जा मुक्त करने की लड़ाई लड़ी जा रही है लेकिन नगर निगम की उदासीनता से भू माफिया फल फूल रहे हैं और निरंतर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। गुरुवार को कब्जे को स्थानीय पुलिस के सहयोग से रुकवाया गया है। रानीपुर संघर्ष समिति के महामंत्री वीरेन्द्र यादव ने कहा नगर निगम के राजस्व अभिलेखों में यह भूमि नगर निगम की दर्ज है। जिसका मुकदमा भी कब्जेदारों से नगर निगम अपने विधि विशेषज्ञों के भरोसे लड़ रहा है।
रवि बिंद भानु ने कहा अगर जल्द नगर निगम ने भूमि को कब्जा मुक्त नही करवाया तो आगे नगर निगम का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा। स्थानीय निवासियों में नगर निगम की उदासीनता से काफी आक्रोश पनप रहा है। प्रदर्शन में वरुण सिंह, विकास तिवारी, वीरेंद्र यादव, रवि बिंद भानु, ऋषभ पाण्डेय रिशु, बाबा अली, प्रदीप सिंह बाबू, नीरज सेठ, रमेश यादव, संदीप पाल, राजेश सिंघी, अर्जुन सेठ, आलोक यादव, संदीप सिंह आदि मौजूद रहे ।