देवबंद। हड़ताल पर कर्मचारी, शहर की बिजली ठप।
- सांपला रोड बिजलीघर में हुए फाल्ट से आधे नगर और देहात में पसरा अंधेरा
- जेई बोले: कर्मचारी उपलब्ध नहीं कैसे ठीक कराएं बिजली
शिबली इकबाल\देवबंद। विद्युत निगम के शीर्ष प्रबंधन के दमनकारी,नकारात्मक और उत्पीड़नात्मक रवैये के विरोध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर विद्युत कर्मचारियों की हड़ताल रही।इस बीच सांपला रोड स्थित 33केवी बिजलीघर में फाल्ट होने के कारण आधे नगर और दर्जनों गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप रही।
मंगलवार को 15 सूत्रीय मांगों को लेकर बिजली कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति पूर्ण कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर रही। जिसके कारण नगर एवं देहात की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से चरमरा गई।सांपला रोड स्थित 33केवी बिजलीघर में अचानक हुए फाल्ट से आपूर्ति ठप हो गई। कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के चलते दोपहर एक बजे से बंद हुई आपूर्ति देर शाम तक भी सुचारु नहीं हो सकी थी।जिसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।साथ ही औद्यौगिक धंधों पर भी इसका असर पड़ा अवर अभियंता शशिकांत पासवान ने बताया कि कर्मचारियों के धरना प्रदर्शन में शामिल होने की वजह से विद्युत आपूर्ति सुचारु करने में दिक्कत आ रही है।एसडीओ अनिल चैरसिया ने बताया कि हड़ताल के कारण खराब हुई आपूर्ति को ठीक कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।