अयोध्या। चौंधिया जाएंगी आंखें, अयोध्या रेलवे स्टेशन की भव्यता देखकर, अगली होली के पहले लोकार्पण करेंगें प्रधानमंत्री मोदी।
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नव्य भव्य अयोध्या को लग रहे पंख..
- 100 करोड़ से ज्यादा की लागत से बन रहा है वातानुकूलित रेलवे स्टेशन..
- रेल मंत्रालय ने जारी किया स्टेशन की तस्वींरें, स्वदेश दैनिक ने मार्च में ही छापी थी खबर...
अयोध्या। राम नगरी में बन रहे रेलवे स्टेशन को देखकर हर किसी की आंखें चौंधिया जाएंगीं। डेढ़ सौ करोड़ से ज्यादा की लागत से तैयार यह रेलवे स्टेशन पूर्णतया वातानुकूलित है। योजना है कि अयोध्या से देश के सभी प्रमुख शहरों को सीधी सेवा से जोड़ा जाए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या को विश्व की सबसे खूबसूरत नगरी बनाना चाहते हैं। स्थानीय सांसद लल्लू सिंह की मेहनत भी रंग ला रही है। होली के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस आधुनिकतम रेलवे स्टेशन का लोकार्पण कर अयोध्या वासियों को रंगों से सराबोर करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास के लिए खजाने का मुंह खोल रखा है। रेलवे के साथ सड़क, वायु मार्ग जलमार्ग से अयोध्या को हिंदुस्तान के सभी प्रमुख शहरों को जोड़ने की योजना है और इस पर लगातार काम चल रहा है। अयोध्या में ही बन रहा श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट भी अति अत्याधुनिक होगा।भाजपा सरकार के साथ योगी आदित्यनाथ के दोबारा मुख्यमंत्री बनने से अयोध्यावासी मुदित हैं।
अयोध्या को विश्व की सबसे खूबसूरत नगरी बनाना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना है। प्रभु श्रीराम और अयोध्या से योगी आदित्यनाथ का प्रेम इसी से समझा जा सकता है कि उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में अयोध्या आने का तो रिकॉर्ड बनाया ही दूसरे कार्यकाल में भी अयोध्या का मोह और परवान चढ़ रहा है। भाजपा भी जानती है कि 2024 के बाद भी सत्ता में बने रहने के लिए अयोध्या उसके लिए कितना मायने रखती है। प्रदेश व केंद्र की सरकारों ने अयोध्या को विकसित करने के लिए सरकारी खजाने का मुंह खोल रखा है।
देश दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए योगी सरकार आवागमन के साधनों सड़क, वायु, रेल मार्ग, जलमार्ग को विश्वस्तरीय बना रही है। हालांकि एयरपोर्ट के निर्माण की दिशा अभी प्रारंभिक स्तर पर है लेकिन अयोध्या में बन रहा खूबसूरत रेलवे स्टेशन निर्माण के अंतिम चरण में है। किसी भी दिशा से रामनगरी को आने के लिए फोर और सिक्स लेन की सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है।
निर्माणाधीन अयोध्या धाम का रेलवे स्टेशन देखकर अयोध्यावासी अचंभित हैं। गाड़ियों की पार्किंग के लिए बेहतरीन व्यवस्था, ऐलीवेटेड सीढ़ियां, बैठने व भोजन के बेहतरीन इंतजामात, स्टेशन का पौराणिक धार्मिक लुक हर किसी की जबान पर है। दिव्यांग व बुजुर्गों का खास ख्याल रखा गया है। रेलवे लाइनों के दोहरीकरण के साथ विद्युतीकरण का कार्य जोरों पर है। पर्यटन की दृष्टि से आवागमन बाधित ना हो, इसके लिए रामनगरी के चौराहों को सीसीटीवी के साथ ट्रैफिक लाइट के सिग्नलों से लैस किया जा रहा है।
धार्मिक, पौराणिक भव्यता का स्वरूप बरकरार रखते हुए मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की योगी आदित्यनाथ की योजना अब वैश्विक कंपनियों को लुभाने लगी है। मल्टी नेशनल रेस्त्रां फूड कंपनी डोमिनोज ने रामनगरी में फ्रेन्चाइजी दे दिया है।
अयोध्या धाम स्टेशन को वातानुकूलित बनाया गया है। यहां लगी टाइल्स, पत्थर, शीशे, दरवाजे, लाइटिंग आदि इसकी भव्यता का एहसास करा रहे हैं। भवन के बीच में लगा भारी भरकम पंखा व ठीक उसके नीचे बनी फर्श की डिजाइन का आकर्षण यात्रियों का मन मोहने को तैयार है। यही नहीं स्टेशन परिसर के बाहर का विशाल परिसर भी इसकी भव्यता का गवाह बन रहा है। इस विशाल परिसर में दो फुट ओवरब्रिज में से एक, कर्मचारियों का आवास, पार्किंग स्थल आदि का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है। आम दिनों में प्रतिदिन औसतन तीन हजार के करीब यात्री आते-जाते हैं। राम मंदिर निर्माण होने के बाद इस संख्या में पांच से छह गुना श्रद्धालु यहां आ सकते हैं।
अयोध्या रेलवे स्टेशन का श्रीराम मंदिर मॉडल की तर्ज पर निर्मित किया जा रहा है। वातानुकूलित विशाल परिसर की दीवारों पर लिखी रामायण की चौपाइयां व प्रसंगों का चित्र आपको अयोध्या की संस्कृति का एहसास कराएगा। मुख्य द्वार के ऊपर धनुष चक्र और मुकुट का निर्माण होगा। स्टेशन का ऊपर हिस्सा ग्रीन लाइट से चमकेगा। इसके अलावा स्टेशन परिसर व प्लेटफार्म का विस्तार किया जा रहा है। जिससे करीब एक लाख तक की भीड़ यहां रुक सकेगी। साथ ही पूरा स्टेशन एलईडी लाइट से जगमगाएगा। यहां दो दर्जन पेयजल बूथ, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए 150 से अधिक स्टील की बेंच लगाई जा रही हैं। रेलवे स्टेशन के नये भवन का निर्माण कार्य करीब-करीब पूरा हो चुका है। कुछ फिनशिंग का कार्य बाकी रह गया है। जिसे तेजी से पूरा किया जा रहा है। इसके शुभारंभ की तिथि रेल मंत्रालय द्वारा ही घोषित की जानी है। सूत्रों के अनुसार होली के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका लोकार्पण करेंगे।
Initiate News Agency (INA), अयोध्या