श्रावस्ती। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गो-आश्रय स्थलों के संचालन हेतु समीक्षा बैठक सम्पन्न।
श्रावस्ती। जिलाधिकारी नेहा प्रकाश के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह की अध्यक्षता में गो-आश्रय स्थलों के संचालन एवं निराश्रित गोवंशों को संरक्षित किए जाने हेतु समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गो-आश्रय स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने एवं अधिक से अधिक निराश्रित गोवंशों को संरक्षित किए जाने हेतु रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में जिन न्याय पंचायतों में स्थाई/अस्थाई गो-आश्रय स्थल संचालित अथवा निर्माणाधीन हैं, को छोड़कर जनपद के प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर अस्थाई गो-आश्रय स्थलों के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि (जलभराव की सम्भावना रहित) का चिन्हांकन कर तत्काल विवरण उपलब्ध करायें। साथ ही जनपद में उपलब्ध समस्त गोचर/चारागाह भूमि का विवरण उपलब्घ करायें, ताकि गो-आश्रय स्थलों पर संरक्षित गोवंशों के लिए हरे चारे के उत्पादन का कार्य कराया जा सके।
उन्होने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि सम्बन्धित उपजिलाधिकारी से सम्पर्क करते हुए प्रत्येक न्याय पंचायत में चिन्हित भूमि पर अस्थाई गो-आश्रय स्थलों की स्थापना हेतु आवश्यक स्टीमेट तैयार करते अस्थाई गो-आश्रय स्थल को निर्माण कराये जाने के लिए तत्काल कार्यवाही सुनिश्तिच करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि प्रश्नगत स्थल जगह एवं स्थिति के अनुसार समुपयुक्त हो। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि अपने क्षेत्रान्तर्गत संचालित/प्रस्तावित गो-आश्रय स्थलों हेतु स्थानीय निराश्रित गोवंश की संख्या के अनुरूप कैचमेन्ट एरिया का निर्धारण करें। मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी/पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पंचायतवार अवशेष निराश्रित गोवंश का नये सिरे से सर्वे कराते हुए ग्राम पंचायतवार आकलित संख्या की सूचना उपलब्ध करायें, ताकि निकटस्थ गो-आश्रय स्थलों में निराश्रित गोवंशों को संरक्षित कराया जा सके।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी भिनगा प्रवेन्द्र कुमार, उपजिलाधिकारी जमुनहा सौरभ शुक्ला, जिला विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक इन्द्रपाल सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 जयइन्द्र सिंह, उपनिदेशक कृषि कमल कटियार, सहायक निदेशक मत्स्य सुरेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी अवधेश कुमार यादव, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी प्रज्ञा शर्मा, समस्त गो-आश्रय स्थलों के नामित नोडल अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी/पशु चिकित्साधिकारी एवं सम्बन्धित ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
सर्वजीत सिंह
Initiate News Agency (INA), श्रावस्ती यूपी