पमाना को एक मॉडल गांव बनाने हेतु डॉ. जवानाराम को चुना गांव का मुखिया
पमाना को एक मॉडल गांव बनाने हेतु डॉ. जवानाराम को चुना गांव का मुखिया
जालौर. जिले की तहसील के गांव पमाना में विगत कई सालों से ग्रामवासियों को कई सारी समस्यओं का सामना करना पड़ रहा था। गांव में पेयजल की बहुत भारी किल्लत हमेशा से रही है। गांव में किसी के घर नल नहीं हैं। आजादी के 70 साल बाद भी गांव के कई इलाकों में कच्चे मार्ग हैं। जहां चलने वाले लोग बरसों से सड़क बनने की राह देख रहे हैं। सरकारें आईं और गईं लेकिन हालात जस के तस रहे। गांव को अगर विकास की नजर से देखा जाए तो अब तक यहां कुछ खास नहीं हो पाया है। पंचायती राज चुनाव 2020 के अन्तर्गत इस बार गांव के सभी मतदाताओं ने एक शिक्षित व्यक्ति को सरपंच का चुनाव जीताया है जो पेशे से डॉक्टर हैं। सरपंच जवानाराम एक किसान पुत्र हैं। पिछले चुनावों में पहली बार चुनाव लड़े व बहुत कम अन्तर से चुनाव हार गए थे। इस बार इनके जज्बातों को देखकर, सभी मतदाताओं व खासकर युवाओं ने गांव का मुखिया चुना है।
गांव को कृषि एवं पर्यावरण, ढांचागत विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास की नई बुनियाद व युवाओं के सपने साकार करने हेतु जवानाराम ने गांव की तस्वीर बदलने का उद्देश्य बनाया है। हमारी खास मुलाकात में आपने बताया कि गांव में पेयजल की समस्या दूर करना, शिक्षा, जल निकास, सड़क, आधुनिक चौराहे, रोड़लाइट, गौशाला, और पंचायत को डिजिटलीकरण करने जैसे विशेष कार्य करने हेतु प्रयास किए जाएंगे। जिसमें पंचायत की वेबसाइट बनाकर सभी कार्य ऑनलाइन होंगे। विद्यालयों में ऑनलाइन टीचिंग को बढ़ावा देना, पर्यावरण सुरक्षा हेतु गांव में वन एवं जलसंरक्षण पर विशेष कार्य करेंगे। गांव में चिकित्सा से संबंधित समस्याओं का निवारण प्राथमिकता से किया जाएगा। इसके अलावा बताया कि आने वाले 5 सालों में गांव को एक नया रूप देकर हर प्रकार सुविधा से गांव को विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे, इस हेतु सरकार के बजट के अलावा जनसहयोग भी लिया जाएगा। सरपंच चुनाव जीतने वाले जवानाराम कुछ ही दिनों में पदभार ग्रहण करेंगे। आपके निवास स्थान पर धन्यवाद सभा में सरपंच जवानाराम ने सभी युवाओं को अच्छा कार्य करने हेतु भरोसा दिलाया व सभी से सहयोग बनाए रखने की उम्मीद जताई।
![]() |
अरविंद सुथार कृषि पत्रकार, विशेषज्ञ एवं लेखक आई एन ए न्यूज़ एजेंसी |